बभनी में बिजली विभाग की मनमानी से बेहाल जनता, शाम ढलते ही अंधेरे में डूब रहा इलाका

बभनी/सोनभद्र (अरुण पांडेय)बभनी विद्युत विभाग के मनमाने रवैये और अघोषित बिजली कटौती ने बभनी क्षेत्र के उपभोक्ताओं का सुकून छीन लिया है। प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से रात 9:30 बजे तक होने वाली ढाई घंटे की कटौती (रोस्टिंग) से स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं और उनमें विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।

पढ़ाई प्रभावित, जहरीले जीवों का डर।

शाम का यह समय विद्यार्थियों के अध्ययन और परिवारों के लिए अति महत्वपूर्ण होता है। इन दिनों बच्चों की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएँ चल रही हैं, ऐसे में ऐन वक्त पर बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो रही है। इसके अलावा बरसात के मौसम में अंधेरा छा जाने से विषैले कीट-पतंगों और जहरीले जंतुओं का खतरा भी कई गुना बढ़ गया है। लोग डर के साए में मोमबत्ती व इमरजेंसी लाइट के सहारे वक्त गुजारने को मजबूर हैं।

रोस्टिंग का समय बदलने की मांग।

स्थानीय नागरिकों ने विभाग की इस व्यवस्था पर कड़ा विरोध जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ढाई घंटे की रोस्टिंग अति आवश्यक ही है, तो विभाग इसका समय बदले। इसे दिन के समय अथवा मध्य रात्रि में किया जाए, ताकि शाम के समय घर-परिवार के दैनिक कार्य प्रभावित न हों।

आंदोलन की चेतावनी।

बभनी क्षेत्र के निवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बिजली विभाग ने अपनी मनमानी पर जल्द लगाम नहीं लगाई और कटौती के शेड्यूल में सुधार नहीं किया, तो वे सडकों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत प्रशासन की होगी।

ये भी पढ़िए