ड्यूटी से घर लौट रहे अर्दली उपेंद्र दुबे की हार्ट अटैक से मौत, नौगढ़ तहसील में पसरा मातम

नौगढ़, चंदौली। रिपोर्ट—मदन मोहन नौगढ़ तहसील में अर्दली के पद पर तैनात उपेंद्र दुबे की गुरुवार देर रात ड्यूटी समाप्त कर घर लौटते समय अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही नौगढ़ तहसील परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों, अधिकारियों और अधिवक्ताओं में गहरा दुख व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार उपेंद्र दुबे गुरुवार को तहसील में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद नौगढ़-चकिया मुख्य मार्ग से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे सड़क किनारे गिर पड़े। राहगीरों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल उपचार के लिए वाराणसी ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
सरल और मिलनसार स्वभाव के लिए थे चर्चित उपेंद्र दुबे लंबे समय से नौगढ़ तहसील में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अपने शांत, सहज, सरल और मिलनसार स्वभाव के कारण वे अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके अचानक निधन की खबर शुक्रवार सुबह तहसील परिसर पहुंची तो हर कोई स्तब्ध रह गया।


तहसील परिसर में हुई शोक सभा


उपेंद्र दुबे के निधन पर तहसील परिसर में उप जिलाधिकारी पवन कुमार की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित की गई। इसमें एसडीएम पवन कुमार, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व कर्मी तथा अधिवक्ता संघ के प्रतिनिधियों ने शामिल होकर दिवंगत कर्मचारी को श्रद्धांजलि दी।
एसडीएम पवन कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उपेंद्र दुबे बेहद कर्मठ, ईमानदार और समर्पित कर्मचारी थे। उनका इस तरह अचानक चले जाना पूरे तहसील परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। कार्य के प्रति उनका समर्पण और सरल व्यवहार सदैव स्मरणीय रहेगा। शोक सभा में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।

ये भी पढ़िए