सकलडीहा पुलिस की कार्रवाई से शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
रिपोर्ट: मदन मोहन,चंदौली। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सकलडीहा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से देशी शराब के 90 पाउच बरामद किए। बरामद शराब की कुल मात्रा 18 लीटर बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन (19 वर्ष), पुत्र विक्रमा राम, निवासी अंबेडकर नगर सकलडीहा, तथा संजय (35 वर्ष), पुत्र कामता राम, निवासी सकलडीहा बस्ती, थाना सकलडीहा, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से देशी शराब ब्रांड ‘ब्लू लाइम’ के 90 पाउच बरामद किए गए। इस मामले में थाना सकलडीहा पर मु0अ0सं0 200/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिमन्यु राय, कांस्टेबल संदीप यादव और कांस्टेबल अंकुर शुक्ला शामिल रहे।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, जनपद में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसने का संदेश गया है।

