प्रदेश नेतृत्व ने सौंपी जिम्मेदारी, मजदूरों के हितों की रक्षा और संगठन विस्तार की जताई उम्मीद
अनपरा, सोनभद्र। भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल (BJMTUC) ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में दवारिका नाथ सिंह को सोनभद्र का जिला संगठन मंत्री नियुक्त किया है। संगठन की ओर से 11 अक्टूबर 2026 को जारी नियुक्ति पत्र के माध्यम से उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, BJMTUC के प्रदेश महासचिव देश दीपक मिश्रा की अनुशंसा पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विक्रम सिंह की सहमति से प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने दवारिका नाथ सिंह को सोनभद्र जिला संगठन मंत्री के पद पर नियुक्त किया है। दवारिका नाथ सिंह अनपरा क्षेत्र के बेजार नगर, वार्ड ओढ़ी से जुड़े हैं।
संगठन ने उनसे अपेक्षा जताई है कि वे संगठन की रीति-नीति, संविधान एवं अनुशासन का पालन करते हुए मजदूरों के हितों की रक्षा करेंगे। साथ ही, संगठन का विस्तार करने और श्रमिकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
BJMTUC नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि दवारिका नाथ सिंह के नेतृत्व में सोनभद्र जिले में संगठन को नई मजबूती मिलेगी और मजदूरों के अधिकारों एवं हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
नियुक्ति पत्र की प्रतिलिपि श्रम मंत्री, उत्तर प्रदेश शासन, श्रम आयुक्त, सोनभद्र के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी भेजी गई है।
नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।

