(नसीम सिद्दीकी) कोन/सोनभद्र। उत्तर प्रदेश कोएलिशन टू एम्पावर गर्ल्स (UPCEG) व् डिजिटल साथी फाउंडेशन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर राज्यव्यापी अभियान “सशक्त नारी, सशक्त समाज” के अंतर्गत सोनभद्र जनपद के चोपन ब्लॉक के सलैयाडीह में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को उनके अधिकारों, शिक्षा, और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर सशक्त बनाना है। कार्यक्रम का आयोजन डिजिटल साथी फाउंडेशन द्वारा किया गया, जो कि UPCEG का सक्रिय सदस्य है। संस्थान ने दक्षिणांचल सरस्वती बाल विद्या मंदिर सलैयाडीह में बालिका दिवस के उपलक्ष्य में विविध गतिविधियाँ संचालित कीं, जिनमें सामुदायिक बैठकें, नुक्कड़ नाटक, और परामर्श सत्र शामिल थे। इस अवसर पर डिजिटल साथी फाउंडेशन के फाउंडर वेड प्रकाश ओझा ने कन्या सुमंगला योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण हेतु ₹25,000 की सहायता राशि विभिन्न चरणों में दी जाती है। साथ ही, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की भी जानकारी दी गई, जिसके तहत कोविड-19 से माता-पिता को खो चुकी बालिकाओं को ₹4000 मासिक सहायता मिलती है। किशोरी समूह की बालिकाओं ने सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर जागरूकता फैलाने हेतु नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया जिसने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। संस्था के फाउंडर ने महिला सुरक्षा हेतु हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। UPCEG की कोऑर्डिनेटर ने बताया कि यह अभियान आगामी छह महीने तक चलेगा, और इसका लक्ष्य 25,000 से अधिक किशोरियों तक पहुँचना है। नवंबर में UNCRC सप्ताह और मार्च 2026 में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस जैसे आयोजन इस अभियान का हिस्सा होंगे। डिजिटल साथी फाउंडेशन ने सोनभद्र के कई ब्लॉकों में महिलाओं व किशोरियों के सशक्तिकरण हेतु कार्यरत है, वर्तमान में लगभग 2000 किशोरियों को सशक्त बनाने हेतु समूह संगठन मॉडल पर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में सहभागिता करने वाला मिलान बी द चेंज, एक गैर लाभकारी संगठन है, जो बीते 18 वर्षों से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और कर्नाटक में 1 लाख से अधिक किशोरियों के साथ कार्य कर चुका है। मिलान का उद्देश्य है वंचित क्षेत्रों की किशोरियों को शिक्षा, नेतृत्व और समान अवसर देकर उनके समुदायों में स्थायी परिवर्तन लाना। ” सशक्त नारी, सशक्त – समाज” सिर्फ एक नारा नहीं, एक जनांदोलन है। जिसमे नसीम सिद्दीकी, काजल पटेल, सृष्टि चौबे, शेर सिंह व विद्यालय की समस्त छात्राएं उपस्थित रहे।

