सोनभद्र : करमा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी मुख्तार अहमद प्रयागराज के खीरी थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ ऊंचगांव का रहने वाला है। 30 वर्षीय मुख्तार पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी घोरावल के नेतृत्व में करमा थाना पुलिस ने 10 सितंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तारी में करमा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह, उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार और जयराम सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप सिंह और विनोद यादव तथा कांस्टेबल शैलेन्द्र प्रकाश की टीम शामिल रही।

