सोनभद्र : अनपरा क्षेत्र की टोला मिर्चाधुरी गांव रणहोर में पिछले लभगग एक माह से ट्रांसफार्मर खराब है। इस कारण यह गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। इस कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत लोगों को पेयजल को लेकर हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गत दिसम्बर माह से गांव का ट्रांसफार्मर खराब है। इसकी शिकायत बिजली विभाग कार्यालय में जाकर कई बार की गई है लेकिन सुध नहीं ली गई है। इस कारण पूरे गांव में अंधेरा छाया हुआ है। सबसे बड़ी समस्या लोगों के समक्ष पानी की खड़ी हो गई है।

इसे लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त है, जो कभी भी फूट सकता है। ग्रामीणों को बिजली न मिलने से दिन व रात परेशानी उठानी पड़ रही है। रात को बच्चों की पढ़ाई भी इससे प्रभावित है। ग्रामीण शन्तुलिया देवी, मनी राम, हनुमान जयसवाल आदि ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारी से कई बार शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर तो प्रदेश सरकार ग्रामीण इलाके में हर हाल में 48 घंटे के अंदर विद्युत ट्रांसफार्मर बदलने का निर्देश दे रही है। लेकिन, इस गांव के लिए यह आदेश कोई मायने नहीं रख रहा है। ग्रामीणों ने अविलंब विद्युत व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की है।


