दुद्धी सोनभद्र । पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत दुद्धी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार को पुलिस टीम ने अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक दुद्धी के कुशल नेतृत्व में गठित टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने प्रभावी घेराबंदी करते हुए ग्राम कुर्ची निवासी अवधेश राम उर्फ रामअवधेश (पुत्र महावीर राम) को गिरफ्तार किया, जो आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत वांछित था।
वहीं, एक अन्य कार्यवाही में पुलिस ने मारपीट व गाली-गलौज के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त कृष्ण (पुत्र शंकर, निवासी ग्राम नौडिहा) को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में अमवार चौकी प्रभारी जयशंकर राय, उपनिरीक्षक श्यामानन्द, राजेश पाण्डेय व आरक्षी अरविन्द यादव शामिल रहे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।

