सोनभद्र पुलिस ने फूँका ‘मिशन शक्ति 5.0’ का बिगुल; नारी सुरक्षा और साइबर सतर्कता पर ज़ोर

मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले भर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

सोनभद्र । महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पितव ‘मिशन शक्ति 5.0’ के अंतर्गत मंगलवार को जनपद सोनभद्र में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के समस्त थानों की टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर पहुँचकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग किया।

सीधे संवाद से बढ़ाया आत्मविश्वास

अभियान की सहायक नोडल अधिकारी व क्षेत्राधिकारी (यातायात) डॉ. चारु द्विवेदी के नेतृत्व में मिशन शक्ति की विशेष टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर चौपालें आयोजित कीं। इस दौरान बालिकाओं और महिलाओं को न केवल कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई, बल्कि संकट के समय ‘आत्मरक्षा’ के व्यावहारिक गुर भी सिखाए गए।

साइबर ठगों से बचने की दी गई सलाह

कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा एक मुख्य केंद्र बिंदु रहा। पुलिस टीम ने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में विस्तार से बताया। पुलिस ने आगाह किया कि साइबर अपराधी डर या लालच देकर जाल में फंसाते हैं, इसलिए किसी भी अज्ञात लिंक या ओटीपी (OTP) को साझा न करें। महिलाओं और बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ या उत्पीड़न करने वालों के विरुद्ध सोनभद्र पुलिस तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई करेगी। सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।

इमरजेंसी में इन नंबरों पर करें संपर्क

पुलिस ने अपील की है कि किसी भी विषम परिस्थिति में नागरिक निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।112: आपातकालीन पुलिस सहायता, 1090/1091: महिला पावर लाइन, 1930: साइबर अपराध सहायता, 181: महिला हेल्पलाइन, 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सुरक्षा का संकल्प: अभियान के दौरान उपस्थित जनसमूह को यह भरोसा दिलाया गया कि पुलिस उनकी गोपनीयता बनाए रखते हुए त्वरित सहायता सुनिश्चित करेगी। इस पहल की स्थानीय नागरिकों और विशेषकर छात्राओं ने सराहना की है।

ये भी पढ़िए