सोनभद्र : जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत रविवार को महिला थाना रॉबर्ट्सगंज स्थित परिवार परामर्श केंद्र ने एक बार फिर बिखरते परिवारों को जोड़ने में कामयाबी हासिल की। थाना प्रभारी की अध्यक्षता में आयोजित काउंसलिंग सत्र में कुल 06 पारिवारिक विवाद के मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 03 मामलों में पति-पत्नी ने आपसी गिले-शिकवे भुलाकर साथ रहने का फैसला किया। पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए रविवार को दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया था। महिला थाना प्रभारी की मौजूदगी में काउंसलर्स ने दोनों पक्षों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके बीच आपसी संवाद स्थापित कराया। लंबी काउंसलिंग और समझाइश के बाद तीन दंपत्ति आपसी सहमति से पुनः एक साथ रहने को राजी हो गए, जिससे उनके परिवारों में फिर से खुशियाँ लौट आईं।

शेष मामलों में दी गई अगली तारीख
थाना परिसर से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को आए कुल 6 मामलों में से 3 का सफल निस्तारण कर दिया गया। वहीं, शेष 3 मामलों में दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी, जिसके चलते उन्हें अगली तिथि देकर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और पारिवारिक विवादों को अदालतों के चक्कर से बचाकर आपसी संवाद के जरिए सुलझाना उनकी प्राथमिकता है, ताकि समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।

