सोनभद्र: बीजपुर के जंगल में मिला अज्ञात महिला का कंकाल, पुलिस जांच में जुटी

सोनभद्र बीजपुर : सोनभद्र जिले के बीजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरतीडाड़ के समीप स्थित जंगल में एक अज्ञात महिला का कंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों को रविवार को जंगल की ओर जाते समय मानव कंकाल दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत बीजपुर पुलिस को इस बात की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कंकाल को कब्जे में ले लिया है। प्रथम दृष्टया यह कंकाल किसी महिला का प्रतीत हो रहा है, जो काफी पुराना लग रहा है। फिलहाल, शव की पहचान सुनिश्चित नहीं हो सकी है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए दुद्धी के क्षेत्राधिकारी (CO) श्री राजेश कुमार राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया:

थाना बीजपुर अंतर्गत धरतीदाड़ के जंगल में एक कंकाल मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्यों का संकलन कराया गया है। कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है ताकि मृत्यु के समय और कारणों का स्पष्ट पता चल सके। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह हत्या है या कोई अन्य घटना। हम सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रहे हैं और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट से भी इसका मिलान किया जा रहा है। क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में दर्ज हुई महिलाओं की गुमशुदगी के मामलों की फाइलें खंगाली जा रही हैं।जंगल के आसपास के इलाकों में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या घटनास्थल के पास से कोई साक्ष्य या कपड़े आदि बरामद हो सकते हैं जो पहचान में मदद करें। फिलहाल, पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि उनके परिचित में कोई व्यक्ति लापता है, तो वे तुरंत बीजपुर थाने से संपर्क करें।

ये भी पढ़िए