सोनभद्र : सोनभद्र जिले के विण्ढमगंज थाना क्षेत्र में हुई एक युवक की हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त आला कत्ल और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
क्या था मामला?
बीते 4 जून को विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जोरूखाड़ में रजनीकान्त (24 वर्ष) का शव बरामद हुआ था। घटनास्थल के पास ही मृतक की मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली थी। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तत्काल टीमों का गठन किया गया और जांच शुरू की गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
प्रेम-प्रसंग बनी हत्या की वजह
पुलिस की पूछताछ और गहन जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला था। आरोपी दिनेश पुत्र जीत सिंह, निवासी ग्राम केवाल, मृतक से रंजिश रखता था क्योंकि उसे संदेह था कि रजनीकान्त का उसकी पत्नी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने रजनीकान्त को बहाने से जंगल की ओर बुलाया और वहां ‘चापड़’ से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मृतक का मोबाइल, आला कत्ल और खुद के कपड़े झाड़ियों में छिपा दिए थे।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय मुखबिरों की मदद से जाल बिछाया। घटना के 8 घंटे के भीतर ही पुलिस ने टहानिया खोली स्थित एक खाली मकान के पास से आरोपी दिनेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़, मृतक का वन प्लस मोबाइल और घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस टीम की सराहना
इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र प्रजापति, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल आलोक कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस मुस्तैदी से इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपी को जेल भेजने की अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।

