बभनी (सोनभद्र) जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बभनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने क्षेत्र में ठेके की अवैध ‘वाह ऑरेंज’ देशी शराब बेचते हुए तीन तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 19.600 लीटर अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बभनी पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम जिगनहवां में कुछ लोग अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव की टीम ने जाल बिछाया और 28 मई को तीन अभियुक्तों को धर दबोचा। पकड़े गए तस्करों की पहचान श्याम लाल गुप्ता, सुमेर सिंह गौड़ और सुन्दर गुप्ता के रूप में हुई है, जो सभी ग्राम जिगनहवां के निवासी हैं।
पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में तीनों अभियुक्तों के पास से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद हुई, जिसे वे बिक्री के लिए रखे हुए थे:
श्याम लाल गुप्ता: इसके पास से 36 पव्वे (कुल 7.200 लीटर) शराब बरामद हुई।
सुमेर सिंह गौड़: इसके पास से 32 पव्वे (कुल 6.400 लीटर) शराब बरामद हुई।
सुन्दर गुप्ता: इसके पास से 30 पव्वे (कुल 6 लीटर) शराब बरामद हुई।
बरामदगी के आधार पर थाना बभनी में तीनों अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Ex Act) की सुसंगत धाराओं (मु0अ0सं0 107/2026, 108/2026 एवं 109/2026) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने सभी को विधिक कार्रवाई के बाद अग्रिम प्रक्रिया के लिए भेजा है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, उप निरीक्षक शिवमूरत यादव, हेड कांस्टेबल जय प्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल मनोज गौतम, आरक्षी अहसास यादव और आरक्षी आंचल सरोज शामिल थे। बभनी पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

