दुद्धी (ऋषभ सिंह)सोनभद्र। दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल में भर्ती एक गंभीर घायल मरीज को दलालों द्वारा बहला-फुसलाकर जबरन प्राइवेट अस्पताल ले जाने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग में कार्यरत एक संविदाकर्मी घायल अवस्था में उपचार के लिए दुद्धी सीएचसी में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि दो दिन पूर्व देर रात्रि करीब 2:00 बजे दलालों का एक गिरोह अस्पताल पहुंचा और मरीज को बेहतर इलाज का झांसा देकर उसे गुपचुप तरीके से एक निजी अस्पताल में ले गए।

इलाज के दौरान मौत, फिर वापस अस्पताल ले आए शव
सूत्रों के मुताबिक, निजी अस्पताल में ले जाने के बाद संविदाकर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मानवीय संवेदनाओं को ताक पर रखते हुए दलालों ने मृतक के शव को वापस सीएचसी परिसर में छोड़ दिया। अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में दलालों की यह करतूत कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल
इस घटना ने सरकारी अस्पताल की सुरक्षा और दलालों के नेटवर्क की सक्रियता की पोल खोल दी है। सवाल यह उठ रहा है कि अस्पताल परिसर से इतनी आसानी से मरीज को निजी अस्पताल ले जाने की अनुमति कैसे दी गई और अस्पताल प्रशासन को इसकी भनक क्यों नहीं लगी?
स्थानीय लोगों ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच और जिम्मेदार दलालों के साथ-साथ मिलीभगत करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दुद्धी कोतवाली पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फुटेज के आधार पर छानबीन में जुटी है।

