सोनभद्र: ओबरा थाना का सीओ ने किया आकस्मिक निरीक्षण, अभिलेखों को दुरुस्त रखने और जनसुनवाई में संवेदनशीलता के दिए निर्देश

ओबरा (ऋषभ सिंह)सोनभद्र। कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने एवं पुलिसिंग में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से मंगलवार को क्षेत्राधिकारी (CO) ओबरा प्रभात राय ने ओबरा थाना का आकस्मिक निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की सुरक्षा से लेकर अभिलेखों के रख-रखाव तक की बारीकी से जांच की।


अभिलेखों और साफ-सफाई पर रहा विशेष जोर


सीओ ओबरा ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष और शस्त्रागार का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने अपराध रजिस्टर और आगंतुक रजिस्टर की जांच करते हुए निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों को समयबद्ध तरीके से अद्यतन रखा जाए। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई और बैरक व भोजनालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे निरंतर बनाए रखने को कहा।
जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के निर्देश
थाने में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने के निर्देश देते हुए सीओ प्रभात राय ने कहा कि पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील और न्यायपूर्ण होना चाहिए। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बरती जाए और लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।


सुरक्षा व्यवस्था के प्रति बरती जाए सतर्कता


निरीक्षण के दौरान सीओ ने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस आकस्मिक निरीक्षण से थाने के स्टाफ में हलचल रही और पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए सुधारों के निर्देशों पर तत्परता से अमल करने का संकल्प लिया गया।

ये भी पढ़िए