कोन (ऋषभ सिंह)सोनभद्र । क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय ने आज थाना कोन का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही विवेचकों को ई-साक्ष्य ऐप के प्रभावी उपयोग और डिजिटल साक्ष्यों के संकलन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा निरीक्षण के क्रम में सीओ प्रभात राय ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस कक्ष का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव और परिसर में साफ-सफाई की स्थिति को परखा। व्यवस्थाओं में सुधार हेतु उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

तकनीकी पुलिसिंग पर जोर सीओ ओबरा ने विवेचकों के साथ बैठक कर अपराध विवेचना में तकनीकी साक्ष्यों की महत्ता पर विशेष चर्चा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को ‘ई-साक्ष्य ऐप’ के संचालन की बारीकियां समझाईं और विवेचना के दौरान डिजिटल साक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से ऐप पर अपलोड करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधुनिक युग में साक्ष्यों का डिजिटलीकरण न्याय की प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाता है।
महिला सुरक्षा और त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता निरीक्षण के दौरान महिला अपराधों से संबंधित प्रकरणों पर विशेष जोर देते हुए क्षेत्राधिकारी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य ध्येय त्वरित न्याय सुनिश्चित करना है।
संवेदनशील और पारदर्शी पुलिसिंग का संदेश थाने की सुरक्षा और जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीओ प्रभात राय ने पुलिस बल को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार संवेदनशील होना चाहिए ताकि जनता अपनी समस्याओं को निर्भीक होकर साझा कर सके। उन्होंने पारदर्शी और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए सभी जवानों को तत्परता से काम करने को कहा।

