कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन के लिए पृथक स्थल निर्धारित, आदेश तत्काल प्रभाव से लागू

सोनभद्र। जनपद में विभिन्न राजनीतिक, अराजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा आयोजित किए जाने वाले धरना-प्रदर्शनों के सुव्यवस्थित संचालन तथा शासकीय कार्यों के निर्बाध संपादन को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इसके तहत कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन के लिए एक पृथक स्थल निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट में प्रतिदिन बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों एवं दलों के प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन करने पहुंचते हैं। इससे जनसुनवाई, फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों में व्यवधान उत्पन्न होता है। इस स्थिति को देखते हुए कलेक्ट्रेट भवन के पीछे स्थित कोषागार कार्यालय के सामने पश्चिम दिशा में धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल चिन्हित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार अब सभी धरना-प्रदर्शन केवल इसी निर्धारित स्थल पर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही संबंधित अधिकारी वहीं पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त करेंगे और प्राप्त मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी संगठन को निर्धारित स्थल के अतिरिक्त अन्य स्थान पर धरना-प्रदर्शन की अनुमति न दी जाए। स्थानीय थाना एवं पुलिस अधिकारी इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत सभी संगठनों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलेगा, लेकिन जनसुनवाई, प्रशासनिक कार्यों और आमजन की सुविधाओं को प्रभावित किए बिना निर्धारित स्थल का ही उपयोग करना होगा। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

ये भी पढ़िए