(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। कोन थाना क्षेत्र के मुख्य सड़क मार्ग पर अधूरे सड़क निर्माण कार्य के कारण एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन सड़क पर बाइक सवार युवक की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में पलट गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य के दौरान मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढे बने हुए हैं तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। इसी दौरान बाइक सवार युवक संतुलन खो बैठा और उसकी बाइक सीधे गड्ढे में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए घायल युवक को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि अधूरे सड़क निर्माण, जगह-जगह बने गड्ढों और सुरक्षा संकेतकों की कमी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है।

