सावन के पहले सोमवार निकलेगी 94वीं पारंपरिक जलाभिषेक यात्रा, 40 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना

(ज्ञानेश दुबे)वाराणसी। सावन माह को लेकर धार्मिक नगरी वाराणसी में तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम सहित प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में सावन के पहले सोमवार को यादव बंधुओं की 94वीं पारंपरिक जलाभिषेक यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली जाएगी। चंद्रवंशी गोप सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित यह यात्रा तीन अगस्त को नगर के प्रमुख शिवालयों और देवालयों में जलाभिषेक करेगी।
रविवार को पांडेयपुर-खजूरी स्थित एक बैठक में यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता राधे कृष्ण संजय यादव ने की। समिति के अध्यक्ष लालजी चंद्रवंशी ने बताया कि यह यात्रा वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए शामिल होते हैं। इस वर्ष यात्रा में 40 हजार से अधिक यादव बंधुओं के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि परंपरा के अनुसार यात्रा की शुरुआत सुबह सात बजे केदारघाट पर गंगा स्नान से होगी। इसके बाद श्रद्धालु गंगाजल लेकर सबसे पहले गौरी केदारेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। यहीं से यात्रा का औपचारिक शुभारंभ होगा। इसके बाद तिलभांडेश्वर महादेव, बड़ी शीतला मंदिर, मान मंदिर स्थित आल्हादेश्वर महादेव, महामृत्युंजय महादेव, ओंकारेश्वर महादेव सहित नगर के विभिन्न प्रमुख शिवालयों में दर्शन-पूजन और जलाभिषेक किया जाएगा।
बैठक में समिति पदाधिकारियों ने प्रशासन से यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सुगम यातायात, साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी को देखते हुए व्यापक और प्रभावी व्यवस्थाएं की जानी चाहिए।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने इस ऐतिहासिक परंपरा के प्रवर्तक स्वर्गीय भोला सरदार और स्वर्गीय चुन्नी सरदार के योगदान को याद किया। साथ ही शासन-प्रशासन से उनकी स्मृति में शहर में प्रतिमा स्थापित करने और उनके नाम पर स्मारक द्वार बनाए जाने की मांग भी उठाई।
बैठक का संचालन आयुष्मान चंद्रवंशी ने तथा धन्यवाद ज्ञापन दुर्गा यादव ने किया। इस दौरान लालजी चंद्रवंशी, संजय यादव, भारत भूषण यादव, अजय यादव, ऋषि यादव, श्यामू यादव, प्रभाकर, मयंक सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए