सरप्लस शिक्षकों की त्रुटिपूर्ण सूचना पर कंप्यूटर ऑपरेटर का तबादला

डीएम की नाराजगी के बाद कार्रवाई, 15 दिन में मांगा गया स्पष्टीकरण


सोनभद्र, । परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत सरप्लस शिक्षकों के पुनःस्थापन के लिए तैयार की गई त्रुटिपूर्ण सूचना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा खंड शिक्षा अधिकारियों से प्राप्त सूचनाओं के परीक्षण के दौरान विकास खंड म्योरपुर की रिपोर्ट में गंभीर त्रुटियां पाई गईं।
जांच में स्पष्ट हुआ कि संबंधित सूचना विकास खंड म्योरपुर में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर आरिफ द्वारा तैयार की गई थी। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिम्मेदार कार्मिक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कंप्यूटर ऑपरेटर आरिफ का तत्काल प्रभाव से विकास खंड म्योरपुर से विकास खंड कोन के रिक्त पद पर स्थानांतरण कर दिया गया है। साथ ही उन्हें त्रुटिपूर्ण सूचना उपलब्ध कराने के संबंध में सभी साक्ष्यों सहित 15 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय के आदेश तथा शासन के निर्देशों के अनुपालन में की गई है। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न होने की चेतावनी देते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सूचनाएं पूरी सावधानी और तथ्यात्मक शुद्धता के साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़िए