(ऋषभ सिंह)सोनभद्र,। ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को जनपद सोनभद्र के विभिन्न विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में वीबीजी-ग्रामजी योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जनसम्मेलन, संवाद कार्यक्रम एवं जागरूकता गोष्ठियों का आयोजन कर ग्रामीणों को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं, ग्रामीणों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। अधिकारियों ने योजना के उद्देश्य, ग्रामीण विकास में इसकी उपयोगिता, पात्रता एवं मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।

मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड रॉबर्ट्सगंज की ग्राम पंचायत बहुआर में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। इसके लिए जनभागीदारी और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। जनपद के सभी विकास खंडों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को वीबीजी-ग्रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे योजना की जानकारी अपने आसपास के पात्र लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

