रॉबर्ट्सगंज में खत्म होगी सड़क किनारे वेंडिंग की समस्या, ओवरपास के नीचे बनेगा आधुनिक वेंडर जोन

एनसीएल ने सीएसआर के तहत 89.59 लाख रुपये की परियोजना को दी मंजूरी, स्ट्रीट वेंडरों को मिलेगा सुरक्षित व व्यवस्थित स्थान

सोनभद्र, 7 अगस्त। रॉबर्ट्सगंज नगर क्षेत्र में सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित रूप से लगने वाले ठेले, पटरी दुकानों एवं स्ट्रीट वेंडरों की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत ओवरपास के नीचे उपलब्ध स्थान पर आधुनिक वेंडर जोन विकसित करने की परियोजना को मंजूरी दी है।
परियोजना के लिए एनसीएल द्वारा 89 लाख 59 हजार 838 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थानों पर दुकान लगाने वाले स्ट्रीट वेंडरों को निर्धारित, सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा।
वेंडर जोन विकसित होने से स्ट्रीट वेंडरों की आजीविका को स्थायित्व मिलने के साथ ही नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था, पैदल आवागमन, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण में भी सुधार की उम्मीद है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में विकास कार्यों को गति देने के साथ जनसामान्य की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।
परियोजना का क्रियान्वयन एनसीएल मुख्यालय के सीएसआर विभाग और जिला प्रशासन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) के माध्यम से किया जाएगा। स्वीकृत धनराशि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चरणबद्ध रूप से जारी होगी। परियोजना की प्रगति एवं पूर्णता से संबंधित आवश्यक अभिलेख, उपयोगिता प्रमाण-पत्र, पूर्णता प्रमाण-पत्र और जियो-टैग्ड फोटोग्राफ भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
एनसीएल ने राजाराम यादव, उप प्रबंधक (सीडी) को परियोजना प्रबंधक नामित किया है। परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशासन का मानना है कि आधुनिक वेंडर जोन बनने से रॉबर्ट्सगंज में सार्वजनिक स्थान अधिक व्यवस्थित होंगे और यातायात, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।

ये भी पढ़िए