स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सोनभद्र पुलिस सख्त, क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने पर होगी कार्रवाई

सोनभद्र, । स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सोनभद्र पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को स्कूलों में बच्चों के आवागमन में लगे ऑटो, टोटो, वैन, बस एवं अन्य वाहनों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
एसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने अपने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों को लाने-ले जाने वाले स्कूली वाहनों की जांच की गई। वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को किसी भी हालत में वाहन में न बैठाया जाए और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए।
फिटनेस, परमिट और बीमा की भी होगी जांच
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों एवं प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विद्यालय द्वारा संचालित अथवा अनुबंधित प्रत्येक वाहन का समय-समय पर सत्यापन कराने के साथ फिटनेस, वैध परमिट, बीमा, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध रखने को कहा गया।
पुलिस ने वाहन संचालकों को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सुरक्षा मानकों का नियमित पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नियम तोड़ा तो होगी कठोर कार्रवाई
सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जनपद के विद्यालयों एवं स्कूली वाहनों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन या अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन चालक एवं संचालक के विरुद्ध नियमानुसार विधिक एवं यातायात कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़िए