ट्रक-डंपर खड़े होने से हादसे की आशंका, निर्धारित पार्किंग का उपयोग कराने के दिए निर्देश
सोनभद्र, । सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सोनभद्र पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर कुमार सिंह ने थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के बिच्छी स्थित एक होटल में हाईवे किनारे संचालित होटल एवं ढाबा संचालकों के साथ बैठक की।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने होटल-ढाबा संचालकों को सड़क किनारे ट्रक, डंपर और अन्य भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से होने वाले हादसों के प्रति जागरूक किया। संचालकों को निर्देश दिया गया कि उनके प्रतिष्ठानों के बाहर किसी भी वाहन को इस तरह खड़ा न होने दिया जाए, जिससे यातायात बाधित हो अथवा दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो।

निर्धारित पार्किंग का ही हो इस्तेमाल
पुलिस अधिकारियों ने होटल एवं ढाबा संचालकों से अपील की कि वे अपने यहां आने वाले वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही सड़क किनारे किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग को रोकने में पुलिस का सहयोग करें। बैठक के दौरान संचालकों की समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना गया और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर चलेगा विशेष अभियान
सोनभद्र पुलिस द्वारा हाईवे किनारे समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर अवैध पार्किंग की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा न करने की अपील की है। सोनभद्र पुलिस का संदेश— सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन।

