स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में शहीदों को नमन, जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता

सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित कर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनिर्माताओं को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा कि देश के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के वर्षों लंबे संघर्ष, यातनाओं और बलिदानों के परिणामस्वरूप हमें आजादी मिली है। आज हम जिस स्वतंत्र एवं लोकतांत्रिक भारत में जीवन जी रहे हैं, उसके पीछे असंख्य वीर सपूतों का त्याग छिपा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अपनी समस्या लेकर कार्यालय पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्य और संवेदनशीलता से सुनी जाए तथा नियमानुसार उसका समाधान निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।


उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की जिम्मेदारी है। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचे और जनपदवासियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो, यही प्रशासन की कार्यप्रणाली का मूल उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों के सपनों का भारत बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रभागीय वन अधिकारी, कैमूर वन्यजीव प्रभाग आरुषि मिश्रा ने कहा कि जिन वीर सपूतों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया, उनके सपनों को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। स्वतंत्रता सेनानियों ने विकसित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का सपना देखा था। वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए देश और जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाए। उन्होंने प्रकृति, पर्यावरण और समाज के प्रति जिम्मेदारियों के निर्वहन पर भी जोर दिया।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री वागीश कुमार शुक्ला ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है कि वह अपने कार्य को पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ पूरा करे। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्री रमेश चंद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे श्री रोहित यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री इंद्रभान सिंह, प्रशासनिक अधिकारी श्री रामलाल, श्री राजीव शुक्ला, सहायक निर्वाचन अधिकारी श्री जगरूप पटेल, ट्रेजरी बाबू श्री इसरार अहमद, उप जिलाधिकारी न्यायिक रॉबर्ट्सगंज आकांक्षा गौतम तथा उप जिलाधिकारी श्री जफर इकबाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रनिर्माण में अपने दायित्वों पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री सुरेश पाठक ने किया। अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

ये भी पढ़िए