नवाचार के साथ विकास की नई इबारत लिखने का आह्वान, जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प
सोनभद्र,। स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में इस बार देशभक्ति के साथ ‘विकसित सोनभद्र’ के संकल्प की नई पहल देखने को मिली। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनपद के समग्र, संतुलित एवं तेज विकास के लिए सामूहिक शपथ दिलाई। इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘विकसित सोनभद्र’ का सपना
केवल योजनाएं बनाने से नहीं, बल्कि उन्हें पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ धरातल पर उतारने से साकार होगा। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में है। विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों को टीम भावना के साथ मिशन मोड में कार्य करना होगा।
नवाचार और नई सोच से बदलेगा सोनभद्र
जिलाधिकारी ने अधिकारियों-कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें केवल अपने अधिकारों की याद नहीं दिलाता, बल्कि कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। आज लिया गया संकल्प आने वाले समय के सोनभद्र की दिशा और दशा तय करेगा। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली में भी बदलाव जरूरी है। परंपरागत व्यवस्था के साथ नवाचार, तकनीक और नई सोच को अपनाकर विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। प्रशासन का लक्ष्य ऐसा सोनभद्र बनाना होना चाहिए, जहां प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं, समान अवसर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध हो।
जनहित सर्वोपरि, विकास कार्यों में गुणवत्ता का संकल्प
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे ‘विकसित सोनभद्र’ के निर्माण में अपनी पूरी क्षमता और प्रतिबद्धता के साथ योगदान देंगे। विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराने, शासन की योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा जनहित से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में लिया गया यह सामूहिक संकल्प सोनभद्र को विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता का संदेश बनकर सामने आया।

