समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ ने किया ध्वजारोहण, वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से हुआ स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ
सोनभद्र। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विशिष्ट स्टेडियम परिसर में देशभक्ति, सांस्कृतिक रंग और राष्ट्रगौरव से ओत-प्रोत भव्य समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री संजीव कुमार गौड़ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामूहिक नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों के दौरान पूरा स्टेडियम परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और भारत माता के जयघोष से गूंज उठा। छात्र-छात्राओं के उत्साह और प्रतिभा ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।

शहीदों के त्याग और बलिदान से मिली स्वतंत्रता : राज्य मंत्री
समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री संजीव कुमार गौड़ ने कहा कि 15 अगस्त केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान को याद करने का अवसर है। वीर स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजाद कराने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मानपूर्वक जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। सरकार का प्रयास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने युवाओं और छात्र-छात्राओं से देश के इतिहास एवं स्वतंत्रता संग्राम के नायकों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है स्वतंत्रता दिवस : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा कि देश को स्वतंत्रता लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई। इसलिए स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत की नींव वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान पर रखी गई है। हम सभी को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए देश एवं जनपद के विकास में योगदान देना चाहिए। युवाओं से उन्होंने शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रप्रेम को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना, जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा कमजोर एवं वंचित वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

खेल प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, मंत्री ने साधा तीर से निशाना
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्री संजीव कुमार गौड़ ने सम्मानित किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, मोमेंटो एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान मंत्री ने खेल प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाते हुए स्वयं धनुष चलाकर निशाना साधा, जो समारोह का विशेष आकर्षण रहा। उनके तीरंदाजी में हाथ आजमाने पर छात्र-छात्राओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। मंत्री ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना विकसित करने के साथ उन्हें स्वस्थ एवं सशक्त नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री नंदलाल गुप्ता ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन, संघर्ष और त्याग पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके बलिदान को याद रखना और उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

समारोह में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, प्रभागीय वन अधिकारी कैमूर वन्यजीव प्रभाग आरुषि मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय सहित अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
देशभक्ति गीतों, सामूहिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे समारोह में पूरा विशिष्ट स्टेडियम राष्ट्रप्रेम और गौरव की भावना से सराबोर नजर आया।


