चंदौली : तिवारीपुर बाजार स्थित पुलिस चौकी बूथ पर नवागत चौकी इंचार्ज अरविंद यादव का स्थानीय ग्राम प्रधानों, व्यापारियों, समाजसेवियों और नागरिकों ने फूल-माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य नागरिक अभिनंदन किया। स्वागत समारोह में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, व्यापारियों की समस्याओं और आमजन की शिकायतों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जीसी क्रिमिनल एवं वर्तमान जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी राम जियावान सिंह (एडवोकेट) ने नवागत चौकी इंचार्ज को क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और व्यापारिक गतिविधियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ गरीबों और असहायों को न्याय दिलाना होना चाहिए।

वहीं व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष अभिमन्यु प्रजापति ने व्यापारियों की सुरक्षा और बाजार में बेहतर पुलिस व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव रखे। ग्राम प्रधान युसूफ मियां ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। उन्होंने रामनरेश मौर्य बालिका इंटर कॉलेज की छुट्टी के समय छात्राओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेन रोड पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का सुझाव दिया, ताकि किसी अप्रिय घटना अथवा दुर्घटना की आशंका को टाला जा सके।
चौकी स्तर पर समस्याओं के समाधान का भरोसा
जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों की बातें सुनने के बाद नवागत चौकी इंचार्ज अरविंद यादव ने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को जनता के सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पीड़ितों की समस्याओं का यथासंभव चौकी स्तर पर ही समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से किसी भी समस्या अथवा संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया और समारोह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर लाल साहब यादव, गुलाबचंद केसरी, राम जी, अमन यादव, पप्पू, मनीष यादव, अमजद अली, बरहक अली, इशू मियां, रामनरेश यादव, प्रेमनाथ, बैजनाथ, कैलाश, सुरेश कुमार, कासिम शाह, श्रीनाथ मौर्य, हनुमान सेठ, गणेश बाबा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं व्यापारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मदन मोहन, नौगढ़, चंदौली

