मिशन शक्ति 5.0: महिला सुरक्षा को लेकर सोनभद्र पुलिस का बड़ा अभियान

सोनभद्र,। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिला एवं बाल हिंसा, साक्षरता और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति टीमों ने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय और महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
पुलिस ने बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल और लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। पुलिस ने विशेष रूप से किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, बैंकिंग पासवर्ड या गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की।
पुलिस ने बताया कि आपात स्थिति में 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090/1091, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076 पर संपर्क किया जा सकता है।
सोनभद्र पुलिस का यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज में महिला सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

ये भी पढ़िए