सोनभद्र,। आगामी कृष्ण जन्माष्टमी एवं बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में रविवार को जनपद के सभी थानों पर पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गईं।
बैठकों में थाना प्रभारियों ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों से संवाद किया। अधिकारियों ने पर्वों के दौरान आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं।
पीस कमेटी की बैठकों में जुलूस, धार्मिक कार्यक्रम, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी और सभी से प्रशासन एवं पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक भावनाओं को प्रभावित करने वाली सामग्री का प्रसार न करने की हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या समस्या की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने विश्वास जताया कि जनसहयोग से कृष्ण जन्माष्टमी एवं बारावफात पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होंगे।

