सोनभद्र,। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने अपहरण की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए अपहृत व्यक्ति मनोज कुमार पाण्डेय को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया।
रॉबर्ट्सगंज थाने में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस को घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट मारुति कार संख्या UP32KM1916 के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। वाहन से जुड़े मोबाइल नंबर की लोकेशन देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में मिलने पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने तत्काल तरकुलवा पुलिस से संपर्क किया।
इसी दौरान तरकुलवा पुलिस ने संदिग्धों और अपहृत व्यक्ति को पथरदेवा चौकी क्षेत्र में रोके जाने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही रॉबर्ट्सगंज पुलिस टीम देवरिया रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर मनोज कुमार पाण्डेय पुत्र धीरेन्द्र बहादुर पाण्डेय, निवासी रायपुर, सोनभद्र को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे लेने को लेकर था विवाद
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी शिवआसरे उर्फ मुन्ना यादव ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात मनोज कुमार पाण्डेय से वर्ष 2024 में पटना में हुई थी। आरोपी के अनुसार मनोज ने उसकी पुत्री की रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर धनराशि ली थी। नौकरी नहीं लगने और धनराशि वापस नहीं किए जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
आरोपी के मुताबिक वह अपने दामाद जितेन्द्र यादव और अन्य साथियों के साथ मनोज से धनराशि मांगने आया था। पैसे वापस न करने पर विवाद हुआ और मनोज को स्विफ्ट कार में बैठाकर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान तरकुलवा पुलिस ने वाहन को रोक लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जितेन्द्र यादव (28) पुत्र राजकिशोर यादव, निवासी अनिरुद्धमा खनवा टोला, थाना कसया, कुशीनगर तथा शिवआसरे उर्फ मुन्ना यादव (48) पुत्र रामायण यादव, निवासी कनकपुरा, थाना तरकुलवा, देवरिया को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में तीन अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी प्रकाश में आई है। इनमें बृजेश यादव निवासी महासून, थाना तुर्कपट्टी, कुशीनगर, सिपाही यादव निवासी बत्तर डेरा, थाना कसया, कुशीनगर और संगम गौड़ निवासी मंगलपुर, थाना कसया, कुशीनगर शामिल हैं। पुलिस इनके संबंध में साक्ष्य जुटा रही है और विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह हुई बरामदगी अपहृत मनोज कुमार पाण्डेय सकुशल बरामद स्विफ्ट मारुति कार संख्या UP32KM1916 चार मोबाइल फोन पुलिस के मुताबिक तकनीकी सूचना के विश्लेषण, अन्तरजनपदीय पुलिस समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद करने में सफलता मिली। मामले में विवेचना और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।

