सीओ सिटी रणधीर मिश्रा की कार्यशैली को सलाम, प्रदेश में मिला सातवां स्थान

सोनभद्र। अपराध नियंत्रण और गंभीर मामलों में साक्ष्य संकलन के लिए ई-साक्ष्य एप के बेहतर उपयोग को लेकर रॉबर्ट्सगंज सर्किल ने प्रदेश में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। यूपी पुलिस की करीब 500 सर्किलों की समीक्षा के बाद जारी रैंकिंग में रॉबर्ट्सगंज सर्किल को प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक की ओर से सीओ सिटी रणधीर कुमार मिश्रा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस विभाग द्वारा गंभीर अपराधों की विवेचना में साक्ष्यों के संकलन, सुरक्षित रखे जाने और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए ई-साक्ष्य एप का इस्तेमाल किया जा रहा है। रॉबर्ट्सगंज सर्किल में इसके बेहतर क्रियान्वयन और निगरानी के चलते सर्किल ने टॉप-10 में जगह बनाई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में नगर सर्किल की जिम्मेदारी संभालने के बाद सीओ सिटी रणधीर कुमार मिश्रा ने टीम के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर दिया। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई महत्वपूर्ण घटनाओं का सफल अनावरण किया।
सर्किल पुलिस की कार्रवाई में चुर्क पुलिस लाइन तिराहे के पास कोडीनयुक्त कफ सीरप की बड़ी खेप की बरामदगी भी प्रमुख रही। इसके अलावा बस में मध्य प्रदेश के व्यापारी से हुई करीब 25 लाख रुपये की चोरी, नगर के अरिहंत होटल में विवाह समारोह के दौरान हुई चोरी तथा इको प्वाइंट के पास महिला के साथ छेड़खानी और लूट जैसी घटनाओं का सफल खुलासा किया गया।
लगातार प्रभावी कार्रवाई और तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से अपराधियों पर शिकंजा कसने में रॉबर्ट्सगंज सर्किल को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। सीओ सिटी रणधीर कुमार मिश्रा ने इस सफलता का श्रेय पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के मार्गदर्शन और पूरी टीम के सामूहिक प्रयास को दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सीओ सिटी रणधीर कुमार मिश्रा और उनकी टीम को उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर कार्य करने की अपेक्षा जताई।

ये भी पढ़िए