पन्नूगंज पुलिस ने खोली चोरी की दो वारदातों की गुत्थी, तीन गिरफ्तार

सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र में हुई चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो जोड़ी पायल, एक सोने का लॉकेट और करीब 2 किलो 900 ग्राम कॉपर का तार बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक पन्नूगंज श्रीनिवास पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों मामलों की जांच शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, तेलाड़ी निवासी जिरवंती ने घर में घुसकर दो जोड़ी पायल, सोने का लॉकेट और 200 रुपये चोरी होने की तहरीर दी थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दीपक कुमार (25) निवासी पन्नूगंज को तेलाड़ी मोड़ से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की दो जोड़ी पायल और सोने का लॉकेट बरामद हुआ।
दूसरी घटना में जियो टावर के टेक्नीशियन दीपक कुमार मौर्य ने टावर से कॉपर का तार काटकर चोरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार (26) निवासी डुमरिया और प्रह्लाद गुप्ता (23) निवासी रामगढ़ को सिकड़हवा पुल, भुसौलिया से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों चोरी किए गए कॉपर तार की खरीद-फरोख्त कर रहे थे। उनके कब्जे से करीब 2 किलो 900 ग्राम कॉपर का तार बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों मामलों के खुलासे में पन्नूगंज पुलिस टीम की भूमिका रही।

ये भी पढ़िए