अनपरा, सोनभद्र। थाना अनपरा पुलिस ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए ऑटो में गिर गई महिला की सोने की चेन तलाश कर उसे सकुशल वापस कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई। जानकारी के अनुसार उर्मिला देवी पत्नी ब्रजनाथ मधोशी, निवासी परासी, थाना अनपरा, उम्र करीब 50 वर्ष, सोमवार को करीब शाम 4:30 बजे ऑटो से परासी से काशी मोड़ अनपरा आ रही थीं। काशी मोड़ पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनके गले की सोने की चेन कहीं गिर गई है। चेन के खोने अथवा किसी के द्वारा ले लिए जाने की आशंका से महिला ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल चेन की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने जिस ऑटो से महिला यात्रा कर रही थीं, उसमें खोजबीन की तो सोने की चेन ऑटो में ही गिरी हुई मिल गई। पुलिस ने बरामद चेन को महिला की पहचान एवं आवश्यक सत्यापन के बाद उनके सुपुर्द कर दिया। अपनी खोई हुई चेन वापस पाकर महिला ने अनपरा पुलिस का आभार जताया और पुलिस की तत्परता की सराहना की। चेन तलाश कर बरामद करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल शशि भूषण, कांस्टेबल अजीत कुमार एवं महिला कांस्टेबल माला शामिल रहीं। पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि पुलिस केवल अपराध नियंत्रण ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं में संवेदनशीलता के साथ तत्काल सहायता के लिए भी तत्पर है।

