भारी बारिश से जलमग्न हुआ मधुपुर, कई दुकानों में घुसा पानी

सोनभद्र। जनपद में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश से करमा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा मधुपुर में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लगातार बारिश के चलते मधुपुर बाजार समेत आसपास के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। बारिश का पानी कई दुकानों में घुसने से दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मधुपुर के बहुचर्चित फुटहड़वा पुल के पास भी बारिश के पानी से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पुल के आसपास जलस्तर बढ़ने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। वहीं, भारी जलभराव के कारण मधुपुर-मझलीबहार मार्ग पानी में डूब गया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
मार्ग पर पानी भरने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रास्ता बदलकर दूसरे मार्गों का सहारा लेना पड़ा। जलभराव के कारण क्षेत्र में घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान क्षेत्र में जलनिकासी की समस्या गंभीर हो जाती है। पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है। भारी बारिश के बाद मधुपुर में बने हालात ने क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो जलभराव की स्थिति और गंभीर हो सकती है।

ये भी पढ़िए