परिषदीय विद्यालयों में मेधावी छात्र चयन परीक्षा से निखरेगी प्रतिभा

विद्यालय से जनपद स्तर तक होगी मेधावी छात्रों की प्रतिभा की परख, 9 सितंबर को होगी जिला स्तरीय मुख्य परीक्षा

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की शैक्षिक प्रतिभा को पहचानने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा ‘मेधावी छात्र चयन परीक्षा-अगस्त 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा के माध्यम से कक्षा 3, 5, 6 एवं 8 के मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जा रहा है।
वर्तमान में विद्यालय एवं संकुल स्तर पर परीक्षा और मूल्यांकन की प्रक्रिया चल रही है। विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराना है।
विभागीय कार्ययोजना के अनुसार विद्यालय स्तर के बाद संकुल स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। संकुल स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं ब्लॉक स्तरीय परीक्षा/प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर चयनित विद्यार्थी 9 सितंबर 2026 को आयोजित जनपद स्तरीय मुख्य परीक्षा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जिन विकास खंडों में व्यापक स्तर पर आयोजन में किसी प्रकार की कठिनाई सामने आ रही है, वहां संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा में संबंधित स्तर के शीर्ष अथवा प्रथम मेधावी छात्र को ही आमंत्रित किया जाए, ताकि चयन प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
मेधावी छात्र चयन परीक्षा के तहत चयनित एवं सम्मानित विद्यार्थियों का विवरण ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है। नोडल संकुल शिक्षकों एवं संकुल शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने सेवित क्षेत्र के विद्यालयों में सम्मानित किए जाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का पूरा विवरण और कार्यक्रम की तस्वीरें निर्धारित लिंक/क्यूआर कोड के माध्यम से अनिवार्य रूप से अपलोड करें।
जिलाधिकारी के निर्देशन में संचालित यह पहल परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को पहचानकर आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

ये भी पढ़िए