चोपन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, डीएम ने लोगों से नदी-घाट से दूर रहने की अपील
सोनभद्र। सोन नदी में बढ़े जल प्रवाह को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित हादसों को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश पर चोपन स्थित सोन नदी के छठ घाट पर बैरिकेडिंग कराई गई है। घाट के संवेदनशील हिस्सों में लोगों की आवाजाही रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
उप जिलाधिकारी ओबरा श्री रवि पासवान एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों की निगरानी में बैरिकेडिंग का कार्य कराया गया। साथ ही सोन नदी के जलस्तर और तेज जल प्रवाह की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन की ओर से नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सोन नदी में अधिक जल प्रवाह को देखते हुए नागरिक नदी अथवा घाट के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और बैरिकेडिंग के आगे जाने का प्रयास न करें।
उन्होंने कहा कि नदी के तेज बहाव को देखते हुए छोटी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है। ऐसे में नागरिक प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

