बारिश से इमरती कॉलोनी जलमग्न, पंप लगाकर पानी निकासी में जुटा प्रशासन

रॉबर्ट्सगंज। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नगर के इमरती कॉलोनी के सामने जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। जलभराव से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा वाटर सप्लाई पंप के माध्यम से पानी की निकासी का कार्य लगातार कराया जा रहा है। हालांकि बारिश जारी रहने के कारण जल निकासी का काम अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहा है।
जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री वागीश कुमार शुक्ला तथा तहसीलदार सदर श्री अमित सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और राहत कार्य में तेजी लाने को कहा।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा कि लगातार वर्षा के कारण जल निकासी कार्य में बाधा आ रही है। बारिश थमते ही जल निकासी के कार्य में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से प्रशासन के राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
डीएम ने बताया कि इमरती कॉलोनी के सामने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) से नाला निर्माण का प्रस्ताव किया गया है। बरसात समाप्त होने के बाद नाला निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि फिलहाल पंप के माध्यम से पानी की निकासी लगातार जारी रखी जाए तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग कर नागरिकों को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जाए।

ये भी पढ़िए