पानी का कहर: बेलवनिया में टूटी कच्ची बंधी, 11 परिवार पंचायत भवन में शिफ्ट

घोरावल। ग्राम बेलवनिया में मंगलवार को पहाड़ी ढलान की ओर से बंधी में अचानक पानी का दबाव बढ़ने से मिट्टी की कच्ची बंधी टूट गई। बंधी टूटते ही पानी का बहाव गांव की ओर होने लगा, जिससे जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। पानी बढ़ने के कारण 11 परिवारों के घरों में पानी प्रवेश कर गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश पर प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और सभी 11 परिवारों को नजदीकी पंचायत भवन में अस्थायी रूप से ठहराया गया। पंचायत भवन में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, राहत किट और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन के अनुसार करीब 200 से 250 बीघे क्षेत्रफल वाले पहाड़ी ढलान क्षेत्र से अतिरिक्त पानी बंधी में आने के कारण कच्ची बंधी टूटने की स्थिति बनी। राहत की बात यह रही कि पानी का निकास गांव की मुख्य बस्ती से न होकर गांव के किनारे से हो रहा है। हालांकि बस्ती के कुछ घरों में पानी पहुंचने से प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।
मौके पर उप जिलाधिकारी घोरावल के साथ पुलिस टीम तैनात है। गांव में जमा पानी की निकासी का कार्य लगातार कराया जा रहा है। वहीं स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने जल निकासी का कार्य तेजी से कराने तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। राहत, बचाव, जल निकासी और स्वास्थ्य सेवाओं की टीमें मौके पर सक्रिय हैं।

ये भी पढ़िए