छात्रवृत्ति पाने का फिर आया मौका, 16 से 18 सितंबर तक सुधरेंगी आवेदन की गलतियां

सोनभद्र,। वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न कारणों से दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ पाने से वंचित विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। शासन ने लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए दोबारा समय-सारिणी जारी की है। इसके तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को प्रक्रिया पूरी करने का एक और अवसर मिलेगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि शिक्षण संस्थानों से आवेदन अग्रसारित न होने, पीएफएमएस से आवेदन रिजेक्ट होने अथवा अन्य कारणों से जिन पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान नहीं हो सका है, उनके प्रकरणों का निर्धारित समय में निस्तारण किया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार 01 से 07 सितंबर तक शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार किया जाएगा। विश्वविद्यालय अथवा एफिलियेटिंग एजेंसी द्वारा 02 से 08 सितंबर तक फीस आदि का सत्यापन तथा 03 से 10 सितंबर तक रिजल्ट अपडेट करने की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं 16 से 18 सितंबर तक शिक्षण संस्थान स्तर पर त्रुटिपूर्ण आवेदनों में सुधार किया जाएगा। इसके बाद सत्यापित एवं पात्र विद्यार्थियों का डाटा 17 से 19 सितंबर तक अग्रसारित किया जाएगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्रवाई समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लाभ से वंचित न रहे।

ये भी पढ़िए