अमिला माता मंदिर का होगा भव्य कायाकल्प, चार गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट और तीन विद्यालयों का होगा कायाकल्प
सोनभद्र,। जनपद में आस्था, शिक्षा और ग्रामीण सुविधाओं को एक साथ मजबूती देने वाली बड़ी पहल शुरू होने जा रही है। ग्रीनको एनर्जी के सीएसआर मद से करीब 5 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से अति प्राचीन अमिला माता मंदिर का कायाकल्प, चार गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना और तीन सरकारी विद्यालयों का सुदृढ़ीकरण व सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
अमिला माता मंदिर को मिलेगा नया स्वरूप
क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र अमिला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। मंदिर परिसर में पेयजल और विद्युत व्यवस्था मजबूत करने, गेस्ट रूम, इंटरलॉकिंग तथा धूप-वर्षा से बचाव के लिए टीन शेड का निर्माण प्रस्तावित है। मंदिर के मूल स्वरूप और धार्मिक गरिमा को बरकरार रखते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
चार गांव सोलर स्ट्रीट लाइट से होंगे रोशन
ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय आवागमन को सुगम बनाने के लिए बैजनाथ, पिंडारी, चकरिया और गड़वा में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। गांवों की गलियों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था से ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता भी कम होगी।
तीन सरकारी विद्यालयों का होगा कायाकल्प
बैजनाथ, पिंडारी और चकरिया के सरकारी विद्यालयों को भी इस परियोजना में शामिल किया गया है। विद्यालयों की बाउंड्रीवॉल का दुरुस्तीकरण, कक्षाओं और परिसर का सुदृढ़ीकरण, मध्याह्न भोजन के लिए अलग कक्ष तथा स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
डीएम बोले—स्थायी सुविधाएं तैयार करना लक्ष्य
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य ऐसी स्थायी सुविधाएं तैयार करना है, जिनका सीधा असर आमजन के जीवन पर दिखाई दे। आस्था के केंद्रों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं, बच्चों को अच्छा शैक्षणिक वातावरण और गांवों में मजबूत मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
ग्रीनको एनर्जी के सीएसआर सहयोग से प्रस्तावित इन परियोजनाओं से एक साथ आस्था के केंद्र, ग्रामीण प्रकाश व्यवस्था और सरकारी विद्यालयों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।

