सोनभद्र। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और जगह-जगह जलजमाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर 2 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 12 तक के सभी माध्यमिक विद्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह द्वारा जारी कार्यालय आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश जिले के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों पर लागू होगा। भारी बारिश, अत्यधिक जलजमाव और आवागमन में संभावित जोखिम को देखते हुए विद्यार्थियों को विद्यालय आने से राहत दी गई है।
बच्चों को छुट्टी, शिक्षकों की जिम्मेदारी बरकरार
विद्यालय बंद रहने के बावजूद शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें विभागीय निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्यों को यथावत पूरा करना होगा। इनमें यू-डायस प्रोग्रेशन, बोर्ड पंजीकरण, इंस्पायर अवार्ड पंजीकरण, स्वयं पोर्टल, ज्ञान एकेडमी सहित अन्य विभागीय कार्य शामिल हैं।
आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश
डीआईओएस ने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन के इस फैसले से भारी बारिश और जलभराव के बीच विद्यालय जाने वाले हजारों छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिली है। बारिश के मौजूदा हालात को देखते हुए प्रशासन की प्राथमिकता साफ है—पहले बच्चों की सुरक्षा, फिर पढ़ाई।

