11 फाटक दो-दो मीटर खुले, 4500 क्यूसेक प्रति सेकेंड पानी की निकासी; प्रशासन से सख्त निगरानी की मांग
दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र । कैचमेंट एरिया में लगातार हुई बारिश के चलते कनहर सिंचाई परियोजना के बांध का जलस्तर बढ़ने से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। जलस्तर नियंत्रित करने के लिए बांध के 11 फाटक दो-दो मीटर तक खोले गए हैं और तेज गति से पानी की निकासी की जा रही है। इसके बावजूद कई मछुआरे नावों के जरिए बांध के जलाशय में मछली पकड़ने पहुंच रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
अवर अभियंता नंदलाल यादव ने बताया कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए 11 फाटक खोले गए हैं। फिलहाल करीब 4500 क्यूसेक प्रति सेकेंड पानी की निकासी की जा रही है और जलस्तर 262.100 मीटर दर्ज किया गया है।
प्रशासन की ओर से बांध के गहरे पानी और तेज धार वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की लगातार अपील की जा रही है। इसके बावजूद दर्जनों नावों के पानी में उतरने से खतरा बढ़ गया है। फाटक खुले होने के कारण पानी का बहाव तेज है। ऐसे में अचानक जलस्तर बढ़ने या धार तेज होने पर नावों का संतुलन बिगड़ सकता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बांध क्षेत्र में प्रभावी निगरानी और रोकथाम की जरूरत है। उन्होंने प्रशासन से बांध क्षेत्र में नियमित गश्त, प्रतिबंधित इलाकों में नाव संचालन और मछली पकड़ने पर रोक तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को पहले ही संभावित खतरे को रोकने के लिए सख्ती बरतनी चाहिए। जलस्तर बढ़ने और फाटक खुले होने की स्थिति में बांध क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना बेहद जरूरी है।

