चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन: फरार चल रहा NBW वारंटी मुन्ना हरिजन गिरफ्तार

चंदौली। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से न्यायालय से फरार चल रहे NBW वारंटी मुन्ना हरिजन (55 वर्ष) पुत्र रतन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारंटी को ग्राम खुटहण स्थित उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार के कुशल नेतृत्व में नौगढ़ पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त करते हुए वांछित एवं वारंटियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को मुन्ना हरिजन के घर पर मौजूद होने की सटीक सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना नौगढ़ में मुकदमा संख्या 494/02, धारा 216 भादवि (IPC) के तहत मामला दर्ज है। न्यायालय द्वारा जारी समन के बावजूद अभियुक्त लगातार न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहा था, जिसके बाद उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों में हड़कंप मचा है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम कार्रवाई में थानाध्यक्ष संतोष कुमार, उपनिरीक्षक तरुण पाण्डेय एवं कांस्टेबल सतीश यादव शामिल रहे।


रिपोर्ट: मदन मोहन, नौगढ़, चंदौली

ये भी पढ़िए