बभनी (सोनभद्र), क्षेत्र के सागो बांध गांव में रविवार को असली नोट के बदले तीन गुना नकदी देने का लालच देकर ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए दो ठगों को रंगे हाथों दबोच लिया और मौके पर ही सादे कागज से नोट बनाने का खेल उजागर कर दिया। पकड़े गए आरोपियों को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया है।
30 हजार के बदले 1 लाख 5 हजार का दिया था लालच
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सागो बांध निवासी अमलेश कुमार शर्मा के पास सेमरी कछवां निवासी दो व्यक्ति—लक्ष्मी नारायण (पुत्र मांहगू राम) और जैन प्रसाद (पुत्र छोटेलाल) पहुंचे थे। आरोपियों ने अमलेश को प्रलोभन दिया कि वे 30,000 रुपये के बदले उन्हें 1 लाख 5 हजार रुपये बनाकर देंगे।
अमलेश इस जालसाजी में फंसते, उससे पहले उन्होंने इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी। इसी दौरान छत्तीसगढ़ निवासी रमेश कुमार (पुत्र चंद्रिका प्रसाद) भी वहां पहुंच गए और ठगों को पहचान लिया। रमेश ने ग्रामीणों को बताया कि यही लोग पहले भी उनसे 30 हजार रुपये ठग चुके हैं और बदले में सादा कागज व केमिकल थमा गए थे।
ग्रामीणों के सामने किया केमिकल का डेमो
शक गहराने पर ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों को घेर लिया और पूछताछ की। ग्रामीणों का दबाव बढ़ने पर ठगों ने मौके पर केमिकल के सहारे सादे कागज से 100 रुपये का नोट बनाकर भी दिखाया। इस शातिर करतूत का वीडियो ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और दोनों आरोपियों को पकड़कर बभनी पुलिस को सौंप दिया।
पीड़ित ने दी तहरीर, पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
ठगी के शिकार रमेश कुमार पुत्र चंद्रिका प्रसाद ने बभनी थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी गाढ़ी कमाई के 30 हजार रुपये हड़प लिए हैं और उन्हें फर्जी कागज व केमिकल थमाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह किसी बड़े ठगी गिरोह का हिस्सा हैं जो भोले-भाले ग्रामीणों को पैसों का लालच देकर आसानी से अपना शिकार बनाते हैं। वहीं, इस मामले में ग्रामीणों ने जब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, तो चर्चा का विषय बन गया। ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस ने शुरुआती पूछताछ में यह कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की कि कहीं वे दोनों को झूठा तो नहीं फंसा रहे हैं, जबकि मौके से केमिकल, सादा कागज और नोट छापने का वीडियो साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंप दिया गया है।
क्या कहती है पुलिस?
मामले को लेकर बभनी थाने के उप निरीक्षक मक्खन लाल ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की बारीकी से छानबीन कर रही है। यदि ये लोग वास्तव में ठगी के धंधे में संलिप्त पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल, अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस मामले में निष्पक्ष जांच कर क्या ठोस कार्रवाई करती है।

