दुद्धी – हर घर जल योजना में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग, तहसील दिवस में सौंपा प्रार्थना पत्र

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी, सोनभद्र। आज तहसील दिवस के अवसर पर विकासखंड दुद्धी के विभिन्न ग्रामों में नमामि गंगे हर घर जल योजना के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति प्रारंभ कराने एवं अधूरे पाइपलाइन कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग को लेकर श्री निरंजन जायसवाल, विधानसभा अध्यक्ष अपना दल (एस), दुद्धी द्वारा प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया।

प्रार्थना पत्र के माध्यम से मल्देवा, जाबर, खजूरी, बीडर, पिपरडीह सहित लगभग 80 प्रतिशत ग्रामों में पेयजल आपूर्ति की समस्या, अधूरे पाइपलाइन कार्य तथा संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं अधिकारियों की कार्यशिथिलता से ग्रामीण जनता को हो रही परेशानियों से प्रशासन को अवगत कराया गया।

इस दौरान योजना की ग्रामवार स्थलीय जांच, अधूरे कार्यों को समयबद्ध पूर्ण कराने तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही, योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही के कारण सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना की प्रभावशीलता एवं छवि प्रभावित होने पर चिंता व्यक्त की गई।

इस अवसर पर दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडेय , वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप पांडेय , सोनू जायसवाल सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

ग्रामीण जनता की मूलभूत आवश्यकता पेयजल की समस्या के शीघ्र एवं स्थायी समाधान हेतु प्रशासन से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा की गई।

ये भी पढ़िए