गणेशपुर में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का BSA ने किया औचक निरीक्षण

बाउंड्री वॉल निर्माण में मिली खामियों पर जताई नाराजगी, सुधार के निर्देश; मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई की चेतावनी


चकिया (चंदौली)। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय जैसे महत्वाकांक्षी शैक्षिक प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) सचिन कुमार ने रविवार को गणेशपुर पहुंचकर निर्माणाधीन विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) के निर्माण सहित अन्य सिविल कार्यों में कमियां मिलने पर बीएसए ने नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगाई और कमियों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता भी परखी निरीक्षण के दौरान बीएसए ने निर्माण स्थल पर मौजूद सामग्री गुणवत्ता टेस्टिंग मशीन की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल की जा रही ईंट, सीमेंट, बालू और कंक्रीट आदि की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय निर्माण में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।


बाउंड्री वॉल की खामियों पर सख्त रुख


विद्यालय की चारदीवारी और अन्य निर्माण कार्यों में मिली कमियों को लेकर बीएसए ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि चिन्हित खामियों को तत्काल प्रभाव से ठीक कराया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बीएसए सचिन कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय बच्चों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़ा शासन का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। ऐसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या गुणवत्ताहीन कार्य स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी पाई गई तो जिम्मेदार संस्था के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा निर्माण कार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे प्रोजेक्ट इंजीनियर समेत अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: मदन मोहन

ये भी पढ़िए