रिपोर्ट मदन मोहन चंदौली : चकिया तहसील सभागार में शनिवार को ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में आम जनता की समस्याओं को सुना गया और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास और भूमि विवाद से संबंधित कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। अधिकारियों ने मौके पर ही 7 मामलों का निस्तारण कर दिया, जबकि 5 मामलों में जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को पारदर्शी और समयबद्ध जांच के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया गया।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जमीन विवाद, जल-निकासी और सड़कों की मरम्मत से जुड़े मामलों को प्राथमिकता पर हल करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि फर्जी रिपोर्ट लगाने या लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान ईशापुर कला के सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर ने मानदेय न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ ने मौके पर जांच की, जिसमें पूर्व सचिव की लापरवाही पाई गई। डीपीआरओ ने वर्तमान सचिव और ग्राम प्रधान को बकाया मानदेय का जल्द से जल्द भुगतान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी चकिया, क्षेत्राधिकारी, डीसी नरेगा, बेसिक शिक्षा अधिकारी, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

