दुद्धी थाने में एएसपी ऑपरेशन का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की परखी हकीकत

अभिलेखों से लेकर मालखाना, शस्त्रागार, हवालात और महिला हेल्प डेस्क का लिया जायजा

दुद्धी, सोनभद्र। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने शनिवार को थाना दुद्धी का आकस्मिक निरीक्षण कर थाने की व्यवस्थाओं और पुलिसिंग की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी एवं प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह समेत थाना पुलिस मौजूद रही।
एएसपी ऑपरेशन ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन व्यवस्था एवं पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं रजिस्टरों का अवलोकन कर उन्हें अद्यतन रखने तथा सभी प्रविष्टियां समयबद्ध तरीके से दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, बैरक और मेस का निरीक्षण किया। माल-मुकदमाती एवं अन्य संपत्तियों के सुरक्षित रखरखाव के साथ अभिलेखों में सही अंकन सुनिश्चित करने को कहा। शस्त्रागार में हथियारों और कारतूसों की सुरक्षा एवं रखरखाव की भी जानकारी ली।

फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण पर विशेष जोर

थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों एवं सुरक्षा व्यवस्था की जांच करते हुए रिकॉर्डिंग व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। वहीं आगंतुक रजिस्टर, जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एएसपी ने कहा कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना जाए तथा नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था भी परखी गई। महिला शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनकर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा आमजन के साथ मधुर एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने को कहा। साथ ही शांति एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर सतर्क निगाह रखते हुए निवारक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एएसपी ने स्पष्ट किया कि थाना स्तर पर पुलिसिंग, जनसुनवाई, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा और अभिलेखीय व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

ये भी पढ़िए