सोनभद्र। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को जिले की विभिन्न तहसीलों में अधिकारियों ने पहुंचकर आमजन की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। तहसील दुद्धी में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल तथा रॉबर्ट्सगंज तहसील में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। विशेषकर भूमि एवं राजस्व से जुड़े विवादों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर प्रकरण की वास्तविकता की जांच करे और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करे। इसका उद्देश्य फरियादियों को अनावश्यक रूप से अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता से निस्तारण के संबंध में जानकारी लेकर यह भी सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित प्रकरण में वास्तव में प्रभावी कार्रवाई हुई है।
इसके अलावा जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने सर्किल की संबंधित तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सोनभद्र पुलिस ने कहा कि जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए आमजन की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान के लिए पुलिस लगातार संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

